18 वर्ष पुरानी सड़क हुई बदहाल, क्या भटौता तुलसी पट्टी के लोगों का वोट मायने नहीं रखता?

सुल्तानपुर : कादीपुर विकास खंड करौंदी कला की ग्राम पंचायत भटौता तुलसी पट्टी में वर्ष 2008 में बनी सड़क आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। करीब 18 वर्ष पुरानी यह सड़क अब गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन दूभर हो गया है। सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और वे प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बरसात या हल्की बारिश होने पर इनमें पानी भर जाता है, जिससे गड्ढे दिखाई नहीं देते और आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और बाइक सवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार अब तक सैकड़ों लोग सड़क पर गिरकर चोटिल हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई।
ग्रामीण आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर भानु प्रताप सिंह ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सड़क की समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सड़क को गड्ढामुक्त कर पुनर्निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो करौंदी कला ब्लॉक मुख्यालय पर समस्त ग्रामवासियों के साथ विशाल धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल की जाएगी।
ग्रामीणों ने "रास्ता नहीं तो नाश्ता नहीं" का नारा देते हुए कहा कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए आंदोलन करने की नौबत आना दुर्भाग्यपूर्ण है। ग्रामीणों का सवाल है कि क्या भटौता तुलसी पट्टी गांव से वोट नहीं मिलता है? यदि मिलता है तो फिर वर्षों से इस सड़क की अनदेखी क्यों की जा रही है?
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। गांववासियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन और भी व्यापक रूप धारण करेगा

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.