लाखों की नकदी व सोने-चांदी के जेवरात बरामद

सुल्तानपुर - जनपद में लंबे समय से हो रही चोरी की घटनाओं और पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ में हुई वारदातों का आज पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बड़ा खुलासा किया। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मीडिया को पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि पुलिस टीम ने एक सक्रिय और संगठित चोरी गिरोह का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गिरोह दोनों जनपदों में लगातार सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस की सतर्कता और लगातार की गई जांच के बाद इस गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जिससे कई बड़ी घटनाओं का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया है, जिसमें लगभग 02 लाख 20 हजार रुपये नकद, करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण,तथा लगभग पौने दो लाख रुपये मूल्य की चांदी शामिल है। यह बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। एसपी चारु निगम ने बताया कि इस गिरोह ने केवल सुल्तानपुर ही नहीं बल्कि पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ में भी कई वारदातों को अंजाम दिया है। प्रतापगढ़ जनपद के कोतवाली और अंतू थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं दर्ज हैं,जिनमें यह गिरोह शामिल पाया गया है। इसके अलावा सुल्तानपुर जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र में स्थित डॉ. संजय मिश्रा के आवास में हुई बड़ी चोरी की घटना में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है। वहीं जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में दो तथा कुड़वार थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग चोरियों में भी इसी गिरोह की भूमिका की पुष्टि हुई है।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह सुनियोजित तरीके से अलग-अलग क्षेत्रों में वारदात कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता था,लेकिन लगातार सर्विलांस,मुखबिर तंत्र और एसओजी टीम की सक्रियता से इनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई और अंततः इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरे सफल ऑपरेशन में कुड़वार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव,एसओजी प्रभारी शिवानंद सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही,जिनके प्रयासों से यह बड़ी सफलता हासिल हुई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है,वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस उपलब्धि की सराहना की है

संवाददाता — दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.