गर्मी के महीने में एसबीआई बैंक दोस्तपुर का नेटवर्क ठप, घंटों परेशान रहे ग्राहक, पेयजल की भी नहीं व्यवस्था

सुल्तानपुर :  भीषण गर्मी के महीने में मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की दोस्तपुर शाखा में नेटवर्क ठप होने से ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही बैंक में लेन-देन, नकद निकासी, जमा, चेक जमा करने, पासबुक अपडेट कराने एवं अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए पहुंचे ग्राहकों को घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन नेटवर्क न होने के कारण अधिकांश लोगों का काम प्रभावित रहा।
बैंक में पहुंचे बुजुर्ग, महिलाएं, किसान और अन्य ग्राहक पूरे दिन भीषण गर्मी में परेशान होते रहे। किसी को चेक जमा करना था, किसी को पैसा निकालना या जमा करना था, लेकिन नेटवर्क बाधित रहने से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। ग्राहक सुबह से शाम तक बैंक परिसर में बैठे नेटवर्क आने का इंतजार करते रहे।
ग्राहकों ने आरोप लगाया कि बैंक परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। भीषण गर्मी में घंटों इंतजार करने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ा। लोगों का कहना था कि जब बैंक में रोज बड़ी संख्या में ग्राहक आते हैं तो पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए।
ग्राहकों का कहना है कि नेटवर्क समस्या के कारण उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है। दूर-दराज से आने वाले लोगों को कई बार बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ता है। लोगों ने बैंक प्रशासन और उच्च अधिकारियों से नेटवर्क व्यवस्था को मजबूत करने तथा ग्राहकों के लिए पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
पूरे दिन नेटवर्क बाधित रहने से बैंक का कामकाज प्रभावित रहा और ग्राहक गर्मी, उमस तथा अव्यवस्था के बीच परेशान नजर आए। क्षेत्रवासियों ने बैंक प्रबंधन से शीघ्र समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ग्राहकों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.