आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 45 लीटर कच्ची शराब व 750 किलोग्राम लहन बरामद
सुल्तानपुर : जनपद में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी। छापेमारी के दौरान विभागीय टीम ने 45 लीटर कच्ची शराब एवं लगभग 750 किलोग्राम लहन बरामद किया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान चार लोगों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह अभियान सदर तहसील क्षेत्र के बल्लीपुर एवं मायंग गांव में चलाया गया, जहां अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना पर टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों की गहन तलाशी ली गई और अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त सामग्री को जब्त किया गया।
इसके साथ ही आबकारी विभाग द्वारा क्षेत्र की लाइसेंसी शराब दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। विभागीय अधिकारियों ने गुप्त रूप से दुकानों पर टेस्ट परचेज कर शराब की गुणवत्ता एवं बिक्री प्रक्रिया की जांच की। निरीक्षण के दौरान नियमों के पालन की स्थिति का भी आकलन किया गया।
अभियान के क्रम में कबाड़ी की दुकानों एवं ईंट-भट्टों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वहां मौजूद लोगों को अवैध कच्ची शराब के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों और कानूनी परिणामों के बारे में जागरूक किया। साथ ही अवैध शराब के कारोबार की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई।
नगर आबकारी निरीक्षक रणविजय सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.