प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर दोस्तपुर में जन चौपाल आयोजित, विधायक राजेश गौतम ने गिनाईं उपलब्धियां

दोस्तपुर,सुलतानपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पंचायत दोस्तपुर के छावनी मोहल्ले में भव्य जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएं नगर पंचायत दोस्तपुर द्वारा कराई गई थीं। जन चौपाल स्थल को आकर्षक टेंट, रंग-बिरंगे गुब्बारों और सुंदर सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिससे कार्यक्रम स्थल का वातावरण उत्साहपूर्ण और आकर्षक दिखाई दे रहा था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन और हर घर जल योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
विधायक ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का स्मरण करते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।
जन चौपाल में सड़क, नाली, बिजली, स्वास्थ्य विभाग, नगर पंचायत तथा अन्य विभागों की टीमें मौजूद रहीं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनता की समस्याएं सुनीं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक राजेश गौतम का एक संवेदनशील चेहरा भी देखने को मिला। जन चौपाल में मौजूद लगभग तीन वर्षीय एक बच्ची को उन्होंने अपने हाथों से चम्मच द्वारा दूध पिलाया। विधायक की इस मानवीय पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष शकुंतला सोनकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय लक्ष्मी शुक्ला, मनोनीत सभासद अजय सोनी, बालमुकुंद मौर्य, रवि पाठक,  चंदन सोनकर, उद्योग व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी, प्रदीप दुबे, अंकुर पाठक, अरविंद कुमार त्रिपाठी, नगर पंचायत प्रतिनिधि रमेश सोनकर, पारस सोनकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष आशुतोष सिंह, भाजपा नेता राजकुमार सोनकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
जन चौपाल में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन नगर पंचायत द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की

संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.