जयसिंहपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित

सुल्तानपुर : जिले की जयसिंहपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं
उप जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनता की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर, पारदर्शी ढंग से और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी शिकायतें प्राप्त हों, उन्हें केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि मौके पर जाकर जांच कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए और उसी आधार पर निस्तारण कराया जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने समाधान दिवस में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने विशेष रूप से आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवेंस रिड्रेसल सिस्टम) से संबंधित शिकायतों के निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि लंबित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आईजीआरएस की शिकायतों का स्पॉट विजिट कर समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण कराया जाए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई बरती गई या शिकायतकर्ता को अनावश्यक परेशान किया गया, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने भी समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और पुलिस से संबंधित मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की देरी न हो।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, कृषि, विद्युत, स्वास्थ्य, आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर प्राप्त शिकायतों को दर्ज कर उनके शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया। समाधान दिवस के माध्यम से एक बार फिर प्रशासन ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.