सपा ने महापुरुषों के नाम पर बनी योजनाओं को बंद कर दिया था: प्रदेश अध्यक्ष
सुल्तानपुर - लंभुआ के एक निजी मैरिज लॉन में बसपा की एकदिवसीय कार्यकर्ता बैठक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें लंभुआ के शैलेंद्र सिंह समेत सैकड़ो लोगों ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण कर शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि हम बहन जी के दिशा निर्देशों पर काम करेंगे और समाज सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने सदस्यता दिलाने के बाद कहा की सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पीडीए फार्मूले पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज अखिलेश यादव भाजपा को रोकने और पीडीए के विकास की बात कर रहे हैं। लेकिन जैसे ही वर्ष 2012 में समाजवादी पार्टी की सरकार आई, भाजपा मजबूत हुई और वर्ष 2014 में दिल्ली में तथा वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में सरकार बना ली। उन्होंने कहा कि सपा शासन काल में सिर्फ दंगे हुए, हत्याएं हुई, महापुरुषों के नाम पर बनी योजनाओं को बंद कर दिया गया। श्मशान कब्रिस्तान और भारत-पाकिस्तान का मुद्दा उठाकर समाज में भाईचारा बिगड़ने का प्रयास किया गया। वर्ष 2007 से वर्ष 2012 तक मायावती सरकार ने बैकलॉग भर्ती निकालकर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग के लाखों खाली पदों को भरा। कहा कि पहले अधिकारी पद के उपयुक्त अभ्यर्थी ना मिलने का हवाला देकर भर्ती निरस्त कर देते थे, लेकिन बहन जी ने संविधान के अंतर्गत आरक्षण की व्यवस्था को पूरा किया। उस समय सपा ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिकारियों का प्रमोशन भी रोक दिया था, अब सत्ता में न होने पर आरक्षण देने की बात कह रहे हैं। वहीं भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि जिस मंदिर की वजह से सरकार में आए, उसी मंदिर की सुरक्षा नहीं कर पा रहे हैं। जबकि सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है। भाजपा सरकार में नीट पेपर लीक हुआ, बच्चे आत्महत्या कर रहे हैं,युवाओं को कैसे रोजगार दे पाएंगे। अब समय आ गया है प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने का। सर्व समाज को बहन जी भागीदारी देकर इस बार प्रदेश में सरकार बनाने जा रही हैं। मौके पर जिला अध्यक्ष सर्वेंद्र अंबेडकर, पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्र,उदय राज वर्मा, दर्शन अंबेडकर,नन्हे सिंह चौहान,मेवालाल भास्कर,विनोद सिंह,नवनीत सिंह, राजेश उर्फ अंकल सिंह,मानिकचंद बरनवाल,मोहम्मद हलीम,सिद्धनाथ गौतम,वीरपाल सिंह,समेत कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में बसपाई मौजूद थे।
संवाददाता - वाजिद हुसैन
No Previous Comments found.