पेट्रोल भरवाने निकले इकलौते बेटे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत,
सुल्तानपुर : अखंडनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पेट्रोल भरवाने के लिए घर से निकले 22 वर्षीय युवक की दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम कलान निवासी सनी राजभर (22 वर्ष) पुत्र उदय राजभर शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपनी मोटरसाइकिल से बिलवाई-शाहगंज मार्ग स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। जैसे ही वह बिलवाई चौराहे से पहले पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। सनी राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अखंडनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. सुधीर कुमार बरनवाल ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक सनी राजभर अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता उदय राजभर खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं और मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क पर बरती जाने वाली लापरवाही के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है। एक पल में हंसता-खेलता परिवार मातम में बदल गया और माता-पिता ने अपना इकलौता सहारा खो दिया
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.