टीईटी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद, डीएम व एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को जनपद सुलतानपुर में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहा। इसी क्रम में जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, प्रवेश व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा शासन की सभी गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जाए।
परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अभेद्य बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहे।
जिला प्रशासन की सतर्कता, कड़ी निगरानी और बेहतर समन्वय के चलते जनपद में शिक्षक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न होती नजर आई। 

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.