महिला ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार, जांच के लिए पहुंचे लेखपाल

सुल्तानपुर : दोस्तपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भदिला में आबादी की भूमि पर नाली निकासी को लेकर विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गांव निवासी अनामिका सिंह, पत्नी अजय कुमार सिंह ने उपजिलाधिकारी जयसिंहपुर को प्रार्थना-पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनकी आबादी की भूमि में जबरन नाली खोदकर पानी की निकासी करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार, अनामिका सिंह का कहना है कि गांव के ही बजरंग बहादुर वर्मा उनकी आबादी की भूमि से जबरन नाली निकालना चाहते हैं। विरोध करने पर उनके साथ विवाद, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उन्हें बार-बार विवाद में उलझाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
प्रार्थिनी का दावा है कि जिस स्थान से नाली निकालने का प्रयास किया जा रहा है, वहां पहले कभी विपक्षी की नाली नहीं रही। इसके बावजूद रंजिशवश उनकी भूमि से पानी की निकासी कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि उनकी आबादी की भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जबरन नाली निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए।
शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग की ओर से क्षेत्रीय लेखपाल देवमणि उपाध्याय मौके पर पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों पक्षों से जानकारी प्राप्त कर मौके की स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक तथ्यों का संकलन किया। बताया जा रहा है कि निरीक्षण रिपोर्ट सक्षम अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, विवाद लंबे समय से चल रहा है और कई बार स्थानीय स्तर पर समाधान का प्रयास भी किया गया, लेकिन कोई स्थायी निष्कर्ष नहीं निकल सका। अब मामला प्रशासन के समक्ष पहुंचने के बाद निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नाली निकासी का वास्तविक अधिकार किस पक्ष को है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.