7 जुलाई को दिनभर सुल्तानपुर में रहेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
सुल्तानपुर - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 7 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर सुल्तानपुर में रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले को करीब 81 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही विवेकनगर स्थित जीआईसी सर्कस ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान अयोध्या मंडल के सभी जिलों की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा भी करेंगे। वे मंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति, अपराध नियंत्रण, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा करेंगे तथा आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री अपने सरकारी हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन स्थित हैलिपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे प्रशासनिक समीक्षा बैठक करेंगे तथा सुल्तानपुर और इसौली विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री का जनसभा स्थल पर आगमन दोपहर लगभग 12:30 बजे प्रस्तावित है
भाजपा के जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाध्यक्ष ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पदाधिकारियों,मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जनसभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। उधर,जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा,यातायात,स्वास्थ्य,बिजली,पेयजल,सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। आगंतुकों की सुविधा के लिए आठ पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसभा स्थल,वीवीआईपी रूट,पार्किंग स्थलों तथा आसपास के क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे आयोजन की सतत निगरानी की जाएगी। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय है। मंडलीय समीक्षा बैठक और जनसभा को देखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में अयोध्या मंडल के आयुक्त और डीआईजी भी सुल्तानपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
सीएम योगी के आगमन की तैयारियां जोरों पर हैं। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की देखरेख में तैयारियां चल रही हैं। मौके पर पहुंचकर डीएम ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस लाइन में सीएम योगी का हेलीकॉप्टर उतरेगा। वहीं पुलिस लाइन में ही पीडब्ल्यूडी के मंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद पुलिस लाइन के बगल स्थित सर्कस ग्राउंड में मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और सुल्तानपुर तथा इसौली विधानसभा क्षेत्र की करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर जनता को सौगात देंगे।
संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.