'वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया', हमारी सरकार में 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज' : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
सुल्तानपुर - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जिले के डायट मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में 819 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की चाबी, डेमो चेक, प्रशस्ति पत्र तथा अन्य सहायता सामग्री वितरित की। अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश, रोजगार और अयोध्या से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने "सियावर रामचंद्र की जय" के उद्घोष के साथ जनता का अभिवादन करते हुए कहा कि रामायणकालीन स्मृतियों से जुड़ी पावन सुल्तानपुर की धरती को वह नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि जिले को 819 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू हो चुका है तथा नर्सिंग कॉलेज का भी शिलान्यास किया गया है। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि "पिछली सरकार में वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया था,हमारी सरकार में वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज है।" उन्होंने कहा कि पहले अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण मिलता था, जबकि आज सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है, जिसके कारण निवेश बढ़ा है और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क के कारण आज सुल्तानपुर से अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक की यात्रा लगभग 45 मिनट में पूरी हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण बनने से बड़े उद्योग निवेश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और करोड़ों लोग विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी धन का उपयोग सीमित कार्यों में होता था,जबकि आज वही धन प्रधानमंत्री आवास योजना,उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत,मुफ्त राशन,धार्मिक स्थलों के विकास और सड़क निर्माण जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। राम मंदिर ट्रस्ट में कथित चंदा चोरी के मामले पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि शिकायत मिलते ही तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। प्रारंभिक जांच में जिन लोगों के नाम सामने आए, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य अयोध्या और प्रभु श्रीराम की आस्था को बदनाम करना है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर जनता के सहयोग से बना है और यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मुख्यमंत्री ने वक्फ संपत्तियों के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरते हुए कहा कि पहले हजारों एकड़ जमीन पर कब्जे होते रहे,लेकिन जब सरकार ने इस संबंध में कानून बनाया तो उसका विरोध किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति गरीब,किसान और समाज के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे इंडस्ट्रियल हब विकसित किया जाएगा, जिससे जिले के युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए विकास प्रस्तावों पर भी शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसौली विधानसभा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहे हैं क्योंकि स्थानीय विधायक विकास में रुचि नहीं ले रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अनीता कुमारी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी, सीमा मौर्य एवं निधि वर्मा को विद्युत सखी योजना के अंतर्गत थर्मल प्रिंटर, संजू साहू को प्रशस्ति पत्र, साधना देवी, नजमा, पूजा पाल, रीता, रीमा देवी और आराधना सहित कई लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के चेक प्रदान किए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत अमन मौर्य, निर्मला और दयाशंकर भार्गव को डेमो चेक वितरित किए गए। इसके अलावा नंद बाबा दुग्ध मिशन तथा मातृत्व, शिशु एवं बालिका सहायता योजना के लाभार्थियों को भी सहायता राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गिरीश नारायण यादव,विधायक विनोद सिंह,राजेश गौतम,राजप्रसाद उपाध्याय,सीताराम वर्मा, सुरेश गौतम,एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह,भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी,जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह,पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल,चेयरमैन योगेंद्र प्रताप सिंह,पूर्व विधायक अर्जुन सिंह,ओम प्रकाश पांडेय,देवमणि द्विवेदी, भाजपा नेता ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी,संत बक्श सिंह चुन्नू, जगजीत सिंह छंगू,रामचंद्र मिश्रा,एमपी सिंह, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य घनश्याम चौहान,भाजपा नेता विवेक सिंह, भाजपा जिला मंत्री राजेश सिंह,उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी, डॉ. वेद प्रकाश सिंह 'राजू भैया',दोस्तपुर मंडल महामंत्री बालमुकुंद मौर्य, दोस्तपुर मंडल अध्यक्ष विजय लक्ष्मी शुक्ला, मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह,मंडल महामंत्री दुर्गा सिंह, शिव पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.