सुल्तानपुर में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 819 करोड़ की 99 विकास परियोजनाओं की दी सौगात

सुल्तानपुर :  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सुल्तानपुर के डायट मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में जिले को 819 करोड़ रुपये की 99 विकास परियोजनाओं की ऐतिहासिक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा अनेक सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की चाबी, डेमो चेक, प्रशस्ति पत्र और सहायता सामग्री वितरित की। मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास, सुशासन और राजनीति तीनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना गया। अपने विस्तृत संबोधन में उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश, रोजगार, अयोध्या, श्रीराम मंदिर, वक्फ, पूर्वांचल के विकास और विपक्ष की राजनीति जैसे अनेक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। वहीं कार्यक्रम के दौरान काली साड़ी पहनकर पहुंची एक महिला को प्रवेश से रोके जाने का मामला भी पूरे आयोजन में चर्चा का विषय बना रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत "जय सियाराम" और "पवनसुत हनुमान की जय" के उद्घोष के साथ की। उन्होंने रामायणकालीन गौरव से जुड़ी सुल्तानपुर की पावन धरती को नमन करते हुए कहा कि यहां की जनता का स्नेह और अपनापन उन्हें हमेशा आकर्षित करता है। मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा हजारों की संख्या में मौजूद लोगों का अभिवादन करते हुए उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें पहले ही सुल्तानपुर आ जाना चाहिए था, लेकिन आज जब आए तो बारिश भी अपने साथ ले आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सुल्तानपुर के लिए ऐतिहासिक दिन है। जिले को 819 करोड़ रुपये लागत की 99 विकास परियोजनाओं की सौगात दी जा रही है। इन परियोजनाओं में सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, सिंचाई तथा अन्य जनहित से जुड़े अनेक कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर जिले का संतुलित और समग्र विकास करना है।
उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर में मेडिकल कॉलेज का संचालन प्रारंभ हो चुका है और नर्सिंग कॉलेज का भी शिलान्यास किया गया है। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है ताकि किसी भी मरीज को इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार नए मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "पहले वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया था, आज हमारी सरकार में वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज है।" उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में अपराधियों, माफियाओं और भू-माफियाओं को संरक्षण दिया जाता था, जबकि आज कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की पहचान पूरी तरह बदल चुकी है और प्रदेश आज निवेश, सुरक्षा और विकास का मॉडल बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार सुरक्षा, विकास, विरासत और रोजगार पर समान रूप से कार्य कर रही है। प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण देश-विदेश के बड़े उद्योगपति निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और करोड़ों गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। पहले सरकारी धन भ्रष्टाचार में खर्च होता था, लेकिन अब वही धन गरीबों के घर, सड़क, अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, एक्सप्रेसवे और जनकल्याणकारी योजनाओं पर लगाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सुल्तानपुर आधुनिक सड़कों और एक्सप्रेसवे के माध्यम से लखनऊ तथा अयोध्या से बेहतर ढंग से जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक लगभग 45 मिनट में पहुंचा जा सकता है। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक हब विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा तथा पूर्वांचल के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित चंदा गड़बड़ी के मामले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही सरकार ने तत्काल एसआईटी का गठन कर जांच कराई। जांच में जिन लोगों के नाम सामने आए, उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अयोध्या और भगवान श्रीराम की आस्था को बदनाम करने की राजनीति कर रहा है, जिसे प्रदेश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
वक्फ संपत्तियों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि वर्षों तक हजारों एकड़ जमीनों पर अवैध कब्जे होते रहे, लेकिन जब सरकार ने कानून के अनुसार कार्रवाई शुरू की तो उसका विरोध किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार किसी के साथ भेदभाव नहीं करती और गरीब, किसान, महिला, युवा तथा समाज के हर वर्ग के विकास के लिए समान रूप से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने इसौली विधानसभा क्षेत्र का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वहां विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए विकास प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कादीपुर विधायक राजेश गौतम का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने मंच से कहा कि "कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने कई बार मुझे सुल्तानपुर आने के लिए निवेदन किया है। यहां के किसी अन्य विधायक ने इतना आग्रह नहीं किया जितना उन्होंने किया।" मुख्यमंत्री के इस बयान पर जनसभा में मौजूद लोगों ने तालियों से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अनीता कुमारी को आवास की चाबी सौंपी गई। विद्युत सखी योजना के तहत सीमा मौर्य एवं निधि वर्मा को थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत अमन मौर्य, निर्मला तथा दयाशंकर भार्गव को डेमो चेक प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त साधना देवी, नजमा, पूजा पाल, रीता, रीमा देवी, आराधना सहित अनेक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के चेक एवं सहायता सामग्री वितरित की गई। नंद बाबा दुग्ध मिशन तथा मातृत्व, शिशु एवं बालिका सहायता योजना के लाभार्थियों को भी सहायता राशि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान एक अलग घटना भी चर्चा का विषय बन गई। लोहरामऊ गांव से आई एक समूह सखी महिला ने आरोप लगाया कि वह काली साड़ी पहनकर मुख्यमंत्री की जनसभा में पहुंची थी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं करने दिया। महिला ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि पहले से यह जानकारी होती कि काली साड़ी पहनकर प्रवेश नहीं मिलेगा तो वह दूसरी साड़ी पहनकर आती। महिला ने कहा, "शनिदेव भी काले रंग से नफरत नहीं करते, अगर पहले बता दिया जाता तो मैं दूसरी साड़ी पहन लेती।" इसके बाद वह नाराज होकर कार्यक्रम स्थल से वापस अपने गांव लौट गई। हालांकि, इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि अथवा बयान जारी नहीं किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गिरीश नारायण यादव, विधायक विनोद सिंह, कादीपुर विधायक राजेश गौतम, विधायक राजप्रसाद उपाध्याय, विधायक सीताराम वर्मा, विधायक सुरेश गौतम, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, चेयरमैन योगेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, ओम प्रकाश पांडेय, देवमणि द्विवेदी, भाजपा नेता ओम प्रकाश पांडेय 'बजरंगी', संत बक्श सिंह 'चुन्नू', जगजीत सिंह 'छंगू', रामचंद्र मिश्रा, एमपी सिंह, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य घनश्याम चौहान, भाजपा नेता विवेक सिंह, भाजपा जिला मंत्री राजेश सिंह, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी, श्री विश्वनाथ ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस, कलान, सुल्तानपुर के डॉ. वेद प्रकाश सिंह 'राजू भैया', दोस्तपुर मंडल महामंत्री बालमुकुंद मौर्य, दोस्तपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय लक्ष्मी शुक्ला, महामंत्री दुर्गा प्रसाद सिंह, चंदन चतुर्वेदी (लंभुआ), भाजपा नेता बृजेश वर्मा, कादीपुर मंडल महामंत्री बृजेश सिंह चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, भाजपा नेता अजय सोनी, मनोनीत सभासद हरिओम अग्रहरि, मुन्ना सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे

रिपोर्टर  : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.