तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, दवा लेने जाते समय हुआ हादसा

सुल्तानपुर: जिले के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाहपुर लपटा गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक कई फीट हवा में उछलकर पहले एक पेड़ से टकराई और फिर करीब 30 मीटर दूर जाकर दीवार से जा भिड़ी।
जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के करौंदी गांव निवासी अमर बहादुर (30) अपनी मां ममता देवी (55) को दवा दिलाने के लिए मोटरसाइकिल से मोतिगरपुर जा रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे शाहपुर लपटा गांव के पास जौनपुर से सब्जी पहुंचाकर लौट रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल लगभग पांच फीट ऊपर उछल गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में अमर बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ममता देवी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना करने वाली पिकअप की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा

रिपोर्टर :  दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.