थाना प्रभारी प्रभाकांत तिवारी स्वयं पुलिस बल के साथ उतरे मैदान में, सड़क किनारे खड़े वाहन हटवाए, 45 वाहनों का चालान
दोस्तपुर : 11 जुलाई की रात लगभग 8:00 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किमी-161 क्षेत्र में बेवाना पुलिस का सघन सड़क सुरक्षा अभियान देखने को मिला। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी प्रभाकांत तिवारी ने स्वयं किया। वह अपने पुलिस बल के साथ एक्सप्रेसवे पर पहुंचे और पूरी मुस्तैदी के साथ सड़क सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एक्सप्रेसवे के किनारे बड़ी संख्या में ट्रक, डंपर एवं अन्य वाहन खड़े मिले। सड़क किनारे खड़े इन वाहनों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने एक-एक वाहन चालक से वाहन हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया, जिससे एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारु और सुरक्षित बना रहे।
इसके बाद पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 45 वाहनों का चालान किया गया। कई वाहन चालकों को मौके पर ही यातायात नियमों का पालन करने और भविष्य में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत भी दी गई।
थाना प्रभारी बेवाना अंबेडकर नगर प्रभाकांत तिवारी ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क किनारे वाहन खड़ा करना, बिना हेलमेट वाहन चलाना तथा नियमों का उल्लंघन करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में डालता है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की और स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
बेवाना पुलिस की इस सक्रिय कार्रवाई से एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.