एक पेड़ माँ के नाम अभियान में सुलतानपुर पुलिस की भागीदारी जिलेभर में हुआ पौधरोपण
सुल्तानपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेशभर में चल रहे 'वृक्षारोपण महाअभियान-2026' के तहत रविवार को सुलतानपुर पुलिस ने भी 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुलिस लाइन से अभियान का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने पौधरोपण कर किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पौधरोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
महाअभियान के अंतर्गत जनपद के सभी पुलिस सर्किलों, थाना एवं चौकी परिसरों, पुलिस कार्यालयों, विभिन्न शाखाओं, पुलिस लाइन तथा पुलिस आवासीय परिसरों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। अभियान के माध्यम से हरित आवरण बढ़ाने, भू-जल संरक्षण, जलवायु संतुलन बनाए रखने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।
सुलतानपुर पुलिस ने जनपदवासियों से भी अपील की कि वे 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान से जुड़ें, अधिकाधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का संकल्प लेकर पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जनआंदोलन बनाएं।
रिपोर्टर : जगन्नाथ मिश्र
No Previous Comments found.