सुल्तानपुर में कबाड़ गोदाम में भीषण अग्निकांड, धमाकों से दहला इलाका

सुल्तानपुर : शहर के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित प्यारेपट्टी रोड पर रविवार देर रात एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम से उठती ऊंची-ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जबकि लगातार हो रहे धमाकों से आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी।
सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए छह फायर टेंडर लगाए गए। दमकल कर्मियों ने कई घंटे तक लगातार कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पाया और उसे आसपास के मकानों व अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह कबाड़ गोदाम मोहम्मद अहमद का बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायन सिंह ने बताया कि 12 जुलाई की रात लगभग 11 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस भीषण अग्निकांड में गोदाम में रखा लाखों रुपये मूल्य का कबाड़ एवं अन्य सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है। नुकसान का वास्तविक आकलन जांच और राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.