अखंडनगर में बेखौफ चोरों का तांडव, खिड़की तोड़कर लाखों की नगदी और जेवरात पर हाथ साफ

अखंडनगर/सुल्तानपुर : जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम प्राणनाथपुर बछड़िया में मंगलवार-बुधवार की रात बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी तथा कीमती बर्तन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवन कुमार (पुत्र स्व. काशीनाथ मालवीय) अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर पीछे की खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए। चोरों ने कमरे में रखा लॉकर तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह जब परिवार नीचे आया तो घर का सामान बिखरा मिला और खिड़की टूटी देखकर घटना की जानकारी हुई।

पीड़ित पवन कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में गांव के शिवांश (पुत्र सुधीर उपाध्याय) तथा देवेश (पुत्र वशिष्ठ उपाध्याय, निवासी नारायणपुर, थाना दोस्तपुर) पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि दोनों युवक घटना की रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच उनके घर के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए देखे गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही अखंडनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। चोरी की घटना के शीघ्र अनावरण के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी कादीपुर श्री विनय गौतम ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.