दोस्तपुर में विवादित निर्माण पर बढ़ा विवाद: यूपी-112 और 1090 पर शिकायत के बावजूद नहीं रुका काम,अब एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

दोस्तपुर/सुल्तानपुर : दोस्तपुर बाजार स्थित राईन नगर बस्ती के पास चल रहे एक निर्माण कार्य को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। स्थानीय निवासी सीताराम गुप्ता ने आरोप लगाया है कि स्वर्गीय अयोध्या प्रसाद अग्रहरी की पुत्री के पति भगवान दास पवन कुमार द्वारा रास्ते की ओर शटर का निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि यह निर्माण विवादित है और इसकी शिकायत कई दिनों से पुलिस प्रशासन को की जा रही है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मामले की सूचना कई बार यूपी-112 पर दी गई। इसके अलावा उन्होंने 1090 हेल्पलाइन पर भी कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि जब भी यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंचती है, उस समय निर्माण कार्य कुछ देर के लिए बंद कर दिया जाता है, लेकिन पुलिस टीम के लौटते ही निर्माण दोबारा शुरू हो जाता है।
सीताराम गुप्ता का यह भी आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय उन्हें और उनकी पत्नी को थाने में बैठा लिया गया, जबकि दूसरी ओर निर्माण कार्य चलता रहा। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
लगातार शिकायतों के बावजूद निर्माण जारी रहने के आरोपों के बीच स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनन कार्रवाई की मांग की है।
अब इस पूरे प्रकरण में लोगों की निगाहें पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर चारु निगम पर टिकी हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि पुलिस अधीक्षक स्वयं मामले की निष्पक्ष जांच कराकर तथ्य सामने लाएंगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी

संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.