प्रदेश अध्यक्ष बोले– "बसपा ही पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की सच्ची हितैषी", सैकड़ों लोगों ने ग्रहण की पार्टी की सदस्यता

सुल्तानपुर : कादीपुर विधानसभा क्षेत्र के श्यामा मैरिज लॉन, दोस्तपुर में रविवार को बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में एक दिवसीय विशाल पिछड़ा वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पिछड़ा वर्ग, दलित, अल्पसंख्यक समाज के लोगों तथा युवाओं की उपस्थिति देखने को मिली। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ना तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करना रहा।

कार्यक्रम राजनीतिक रूप से उस समय और चर्चा में आ गया, जब सम्मेलन से पहले पूर्व लोकसभा प्रत्याशी (अमेठी) एवं बसपा जिला संयोजक नन्हे सिंह चौहान को उनके अर्जुनपुर स्थित आवास पर पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई। बसपा नेताओं ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार पर राजनीतिक द्वेष के तहत कार्रवाई करने का आरोप लगाया। बाद में नन्हे सिंह चौहान सम्मेलन स्थल पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
सम्मेलन में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके मंच पर पहुंचते ही "जय भीम", "बहुजन समाज पार्टी जिंदाबाद" और "बहन मायावती जिंदाबाद" के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी ही वह राजनीतिक दल है जिसने हमेशा पिछड़े वर्ग, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज को सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने पिछड़े वर्ग के लोगों के हितों की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित वर्गों को न्याय और सम्मान दिलाने के लिए बसपा लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और बहुजन समाज के हित में किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाएं तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें।
इस अवसर पर कई लोगों ने विभिन्न राजनीतिक दलों को छोड़कर बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने सभी नवागत सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया और कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व लोकसभा प्रत्याशी (अमेठी) एवं जिला संयोजक नन्हे सिंह चौहान ने कहा कि सम्मेलन से पहले उन्हें उनके घर पर हाउस अरेस्ट किया गया, लेकिन इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल नहीं टूटा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत के बाद वे सम्मेलन में शामिल हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार बहुजन समाज पार्टी के बढ़ते जनाधार से घबराई हुई है और इसी कारण इस प्रकार की कार्रवाई की गई।
नन्हे सिंह चौहान ने कहा कि बसपा के पक्ष में पूरे प्रदेश में माहौल बन रहा है और पिछड़ा, दलित, आदिवासी तथा अल्पसंख्यक समाज एक बार फिर बहुजन समाज पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा दिखाई दे रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर तक मजबूत टीम तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने संबोधन में दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी और बहन कुमारी मायावती पांचवीं बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनेंगी।
सम्मेलन में जिला अध्यक्ष सर्वेंद्र अंबेडकर, जिला पंचायत प्रत्याशी ओ. पी. वर्मा, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी उदयराज वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश गौतम, दीपक भारती, वरिष्ठ बसपा नेता अली रिजवान राणा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अजीत कुमार विक्की सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने संगठन विस्तार, सामाजिक न्याय, पिछड़े वर्ग के अधिकारों तथा आगामी चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया तथा प्रत्येक बूथ पर मजबूत संगठन खड़ा करने का संकल्प लिया गया। सम्मेलन का संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश गौतम ने किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्यामा मैरिज लॉन में बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं के उत्साह और नारों से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.