मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में नवदंपतियों पर बरसा आशीर्वाद

सुल्तानपुर - उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को जनपद सुल्तानपुर के कमला नेहरू इंस्टीट्यूट,अयोध्या बाईपास, फरीदीपुर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए नवविवाहित दंपतियों को शुभाशीष प्रदान किया तथा उनके सुखद,समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक राजेश गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि सेवा,संवेदनशीलता,सामाजिक समरसता और लोककल्याण की भावना का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे परिवारों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है। इससे हजारों परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मान,सुरक्षा और गरिमा के साथ संपन्न हो रहा है तथा समाज में समानता और आत्मसम्मान की भावना को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना को साकार करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने गरीब, जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। इस योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह की चिंता कम हुई है और परिवारों को आर्थिक सहयोग के साथ सामाजिक सम्मान भी प्राप्त हो रहा है।

विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक एकता, समान अवसर और लोककल्याणकारी शासन व्यवस्था की उत्कृष्ट मिसाल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच अनेक नवयुगलों का विवाह संपन्न हुआ। विवाह के पावन अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में उल्लास, उत्साह और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विधायक राजेश गौतम ने सभी नवविवाहित जोड़ों के सुखमय दांपत्य जीवन के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी नवदंपतियों का वैवाहिक जीवन प्रेम, विश्वास, आपसी सम्मान, सुख, समृद्धि एवं सौहार्द से परिपूर्ण हो तथा वे जीवन के प्रत्येक पथ पर सफलता और खुशियों के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने सभी नवदंपतियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, नवविवाहित जोड़ों के परिजनों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से एक बार फिर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी सोच और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी

संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.