व्यापार मंडल की लगातार शिकायतों के बाद हरकत में आए विधायक राजेश गौतम, सरैया बाजार में जलभराव के बीच पानी में उतरकर किया निरीक्षण; अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को लगाई कड़ी फटकार

सुल्तानपुर :  चांदा–कादीपुर–दोस्तपुर मार्ग के अधूरे निर्माण कार्य तथा सरैया बाजार में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं। उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी ने भी कई बार लोक निर्माण विभाग, प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के समक्ष यह मुद्दा उठाया और शीघ्र समाधान की मांग की थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कादीपुर विधायक राजेश गौतम स्वयं सरैया बाजार पहुंचे और मौके पर हालात का निरीक्षण किया। विधायक ने सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर ही जलभराव वाले हिस्से में उतरकर सड़क की वास्तविक स्थिति देखी। उन्होंने पानी में खड़े होकर सड़क पर बने गड्ढों, अधूरे निर्माण कार्य और जलनिकासी व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी, ग्रामीण और राहगीर भी मौजूद रहे। लोगों ने विधायक को बताया कि सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। बारिश होने पर पूरा बाजार पानी में डूब जाता है, जिससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित होता है। राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
मौके पर ही विधायक ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कादीपुर तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) के जूनियर इंजीनियर (JE) को बुलाकर स्थिति का जायजा कराया। उन्होंने निर्माण कार्य में हो रही देरी और जलनिकासी की समस्या पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों तथा संबंधित निर्माण एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
विधायक ने मौके से ही जिलाधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) से दूरभाष पर वार्ता कर अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता को लंबे समय तक परेशानी में रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विधायक के अनुसार जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो संबंधित निर्माण फर्म के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने तथा उसे ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कार्य की गुणवत्ता की भी जांच कराई जाएगी। विधायक राजेश गौतम ने कहा कि जनता की सुविधा, सुरक्षा और क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधूरे विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। विधायक के जलभराव के बीच स्वयं उतरकर निरीक्षण करने की तस्वीरें पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रहीं। स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि अब वर्षों से चली आ रही सड़क और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.