सुल्तानपुर: अखंडनगर के कुंदा भैरोपुर में महिला ने फांसी लगाकर दी जान, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, घरेलू कलह की आशंका

सुल्तानपुर :  जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा कुंदा भैरोपुर में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव की निवासी फूल कुमारी (37 वर्ष), पत्नी संजय ने मंगलवार दोपहर लगभग 3:00 बजे अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। मां की मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका फूल कुमारी अपने पीछे एक 15 वर्षीय बेटा तथा 12 और 10 वर्ष की दो बेटियां छोड़ गई हैं। तीनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका के पति संजय पुत्र बाबूराम रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में मजदूरी करते हैं। घटना के समय वह मुंबई में ही थे। फूल कुमारी का मायका भी अखंडनगर थाना क्षेत्र के भेलारा ग्राम सभा में है। घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
बताया जाता है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर ही मौजूद थे, लेकिन किसी को इस बात की भनक तक नहीं लगी। काफी देर तक जब फूल कुमारी कमरे से बाहर नहीं निकलीं तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। फूल कुमारी का शव फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही राहुल नगर चौकी प्रभारी कन्हैया कुमार पांडे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय कुमार गौतम भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा जांच का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय कुमार गौतम ने बताया कि, "आज दिनांक 28 जुलाई को थाना अखंडनगर क्षेत्र के ग्राम कुंदा भैरोपुर में श्रीमती फूल कुमारी पत्नी संजय हरिजन द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। प्रथम दृष्टया घरेलू कलह की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए गए हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।"
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर होगा। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : दिनेश ठाकुर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.