अपना खेत ही बन गया अंतिम सफर ट्रैक्टर पलटने से पोस्टमैन एवं किसान दिनकर चतुर्वेदी की दर्दनाक मौत
सुल्तानपुर : जनपद के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के ग्राम इमली में बुधवार सुबह करीब 9:00 बजे एक हृदयविदारक हादसे में डाक विभाग के पोस्टमैन एवं किसान दिनकर चतुर्वेदी (52 वर्ष) की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह अपने खेत की जुताई कर रहे थे। खेत में फंसे ट्रैक्टर को निकालने का प्रयास उनकी जिंदगी का आखिरी प्रयास साबित हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनकर चतुर्वेदी रोज की तरह बुधवार सुबह अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई करने पहुंचे थे। जुताई के दौरान ट्रैक्टर खेत में फंस गया। काफी देर तक ट्रैक्टर को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया। देखते ही देखते दिनकर चतुर्वेदी ट्रैक्टर की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दोस्तपुर थाना प्रभारी नारद मुनि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
दिनकर चतुर्वेदी डाक विभाग में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत थे। अपने सरल स्वभाव, ईमानदार कार्यशैली और मिलनसार व्यवहार के कारण वह क्षेत्र में काफी सम्मानित थे। नौकरी के साथ-साथ वह खेती-किसानी भी करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
मृतक अपने पीछे पत्नी पुष्पा देवी, तीन बेटियां स्वाति चतुर्वेदी, तृप्ति चतुर्वेदी और दीप्ति चतुर्वेदी तथा हाईस्कूल में अध्ययनरत पुत्र श्रेयांश चतुर्वेदी को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की असामयिक मृत्यु से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कादीपुर ** ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.