वन विभाग की लापरवाही से हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान मार्ग ठप

सुल्तानपुर :  ग्राम भदिला में हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान मार्ग पर माइनर (नहर) के किनारे बरसात के दौरान बबूल का विशाल पेड़ गिर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। यह मार्ग क्षेत्र के हजारों लोगों के आने-जाने का मुख्य संपर्क मार्ग है। पेड़ गिरने के कारण न केवल पैदल और साइकिल से आवागमन बंद हो गया है, बल्कि इसी मार्ग से संचालित विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों का स्कूल आने-जाने का रास्ता भी पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना कई बार वन विभाग को दी गई, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। बरसात के मौसम में गिरे हुए पेड़ को तुरंत हटाया जाना चाहिए था, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण हजारों क्षेत्रवासियों, किसानों, छात्रों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वन विभाग के फॉरेस्टर चंद्र प्रकाश से कई बार मोबाइल नंबर 98384 40902 पर संपर्क किया गया। उन्होंने पहले कहा कि "यह मेरा हल्का नहीं है।" बाद में संबंधित कर्मचारी से बात कर पेड़ हटवाने का आश्वासन दिया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मार्ग से पेड़ नहीं हटाया गया था।
मामले की जानकारी प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को दिए जाने पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने मांग की है कि गिरे हुए पेड़ को तत्काल हटाकर मार्ग पर आवागमन बहाल कराया जाए, ताकि हजारों क्षेत्रवासियों के साथ-साथ विद्यालय जाने वाले बच्चों को भी राहत मिल सके। साथ ही, मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।

रिपोर्टर : दिनेश ठाकुर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.