बांस गाड़ने के विवाद में बुजुर्ग महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला

सुल्तानपुर : कादीपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा लोकनाथपुर (बालचंद पट्टी) में शनिवार सुबह बांस गाड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि गांव की एक बुजुर्ग महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर भेजा गया। उपचार और मेडिकल परीक्षण के बाद पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंगारी देवी पत्नी अमरनाथ, निवासी ग्राम सभा लोकनाथपुर (बालचंद पट्टी), शनिवार सुबह लगभग 7:45 बजे अपने घर के सामने बांस गाड़ रही थीं। सिंगारी देवी का आरोप है कि उसी समय गांव के राम आशीष पुत्र रामनिवास प्रजापति वहां पहुंचे और बांस गाड़ने का विरोध करने लगे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद राम आशीष पुत्र रामनिवास प्रजापति, उनकी पत्नी निर्मला देवी, पुत्री मंजू, प्रियंका तथा सृष्टि ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान कुल्हाड़ी से उनकी नाक के ऊपर वार किया गया। वार इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े, जिसके बाद आरोपी मौके से चले गए।
सिंगारी देवी ने यह भी आरोप लगाया कि घटना से करीब दो दिन पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। उनका कहना है कि उस समय उन्होंने मामले को शांत करने का प्रयास किया था, लेकिन आरोपियों ने धमकी को अंजाम दे दिया। घटना के समय उनके पति अमरनाथ तथा बेटे रोजगार के सिलसिले में अमेठी गए हुए थे, जिससे वह घर पर अकेली थीं। पीड़िता का आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर उन पर हमला किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 (पीआरबी) की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद घायल महिला को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचाया, जहां डॉ. राहुल पाण्डेय ने उनका चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) कर आवश्यक उपचार शुरू किया। मेडिकल रिपोर्ट तैयार कर पुलिस को उपलब्ध करा दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही दोस्तपुर थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बिना विलंब किए उप निरीक्षक अनूप सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर भेजा। उप निरीक्षक ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का हालचाल लिया, चिकित्सकों से मेडिकल की जानकारी प्राप्त की और पीड़िता व उनके परिजनों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने आवश्यक साक्ष्य संकलित करने और मामले में शीघ्र विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कराई।
उपचार के बाद पीड़िता सिंगारी देवी ने दोस्तपुर थाने पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर दी। थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह ने तहरीर प्राप्त होते ही संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर राम आशीष पुत्र रामनिवास प्रजापति, निर्मला देवी, मंजू, प्रियंका एवं सृष्टि के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन विवेचना की जा रही है। घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों, साक्ष्यों तथा गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस एहतियात के तौर पर पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं पीड़ित परिवार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्टर :  दिनेश ठाकुर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.