19 दिन बाद पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
सुलतानपुर - बल्दीराय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मऊ स्थित पूरे भोला तिवारी गांव निवासी महेश कुमार तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में घटना के 19 दिन बाद पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक की पत्नी मिथलेश तिवारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि 18 जुलाई की सुबह महेश कुमार तिवारी का शव घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर दौनौ गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगे झूले से उनके लोअर (पैंट) के फंदे के सहारे लटका मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटना के बाद से ही मृतक के परिजन इसे हत्या बताते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि महेश की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। परिजनों के लगातार प्रयास के बाद आखिरकार घटना के 19 दिन बाद मृतक की पत्नी मिथलेश तिवारी की तहरीर पर बल्दीराय पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी बल्दीराय महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विवेचना शुरू कर दी गई है पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा अन्य तकनीकी व परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
रिपोर्टर - द्वारका प्रसाद पाण्डेय
No Previous Comments found.