नरसिंहपुर में जहरीले सांप के डंसने से 13 वर्षीय बालक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुल्तानपुर : जनपद के लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहपुर गांव में गुरुवार तड़के एक हृदयविदारक घटना सामने आई। जहरीले सांप के डंसने से 13 वर्षीय बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मासूम की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि गांव में मातम का माहौल है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर निवासी पवन यादव का 13 वर्षीय पुत्र अंश यादव गुरुवार सुबह करीब चार बजे अपने घर पर था। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने डंस लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजनों ने बिना देर किए अंश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन अंश को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई और लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में गांव और खेतों के आसपास सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में सभी लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। खेतों, बगीचों, झाड़ियों और पानी भरे स्थानों पर जाते समय सावधानी बरतनी चाहिए तथा घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखनी चाहिए।
चिकित्सकों के अनुसार, सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय पर इलाज मिलने से कई मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।
मासूम अंश की असामयिक मौत से पूरे नरसिंहपुर गांव में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने ईश्वर से दिवंगत बालक की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.