करंट से संविदा लाइनमैन जितेंद्र कुमार की मौत पर उमड़ा जनसैलाब, कई हजार महिला-पुरुष पहुंचे

सुल्तानपुर : करंट से संविदा लाइनमैन जितेंद्र कुमार की मौत पर उमड़ा जनसैलाब, कई हजार महिला-पुरुष पहुंचे; विधायक राजेश गौतम ने संभाली कमान, अधिकारियों से की वार्ता, पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा, नौकरी और निष्पक्ष जांच की उठी मांग
सुल्तानपुर। अखंडनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर कांपा निवासी बिजली विभाग के संविदा लाइनमैन जितेंद्र कुमार (36 वर्ष) की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक, आक्रोश और गम का माहौल व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अलीपुर कांपा गांव में जनसैलाब उमड़ पड़ा। कई हजार महिला-पुरुष मृतक के आवास पर पहुंच गए और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय की मांग करने लगे। गांव की गलियां और आसपास का क्षेत्र लोगों की भीड़ से भर गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
बताया जा रहा है कि 6 अगस्त को अलीपुर बाजार निवासी जितेंद्र कुमार, जो विद्युत विभाग में संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे, विद्युत लाइन में आए फॉल्ट को ठीक करने के लिए गए थे। कार्य के दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद खबर के फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही कादीपुर विधानसभा के विधायक राजेश गौतम गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। विधायक ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली हर आर्थिक सहायता, विभागीय बीमा, मुआवजा तथा अन्य देयकों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय कुमार गौतम ने बताया कि घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में काफी आक्रोश था। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और स्थिति को सामान्य किया। मृतक के छोटे भाई द्वारा दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध लिखित तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इसी बीच ग्राम पंचायत अलीपुर कांपा की ग्राम प्रधान श्रीमती साधना तिवारी, पत्नी अजय कुमार तिवारी (भाजपा मंडल उपाध्यक्ष, अखंडनगर) के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी कादीपुर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि करंट लगने से हुई इस दुर्घटना में मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाए। मृतक की पत्नी के नाम एक बीघा 10 बिस्वा भूमि आवंटित की जाए। परिवार के भरण-पोषण एवं बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। मृतक की पत्नी को विधवा पेंशन तत्काल स्वीकृत की जाए तथा उन्हें सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। इसके अलावा विद्युत विभाग अथवा संबंधित बीमा योजना के अंतर्गत मिलने वाली समस्त बीमा एवं मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जो भी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति इस घटना के लिए दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों को सजा दिलाना आवश्यक है।
गांव में मौजूद लोगों ने कहा कि जितेंद्र कुमार अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर गहरा आर्थिक संकट आ गया है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान की जाए और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की जाए। देर शाम तक गांव में कई हजार महिला-पुरुष मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में केवल एक ही चर्चा रही कि पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलेगा और दोषियों पर क्या कार्रवाई होगी। लोगों ने प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ त्वरित निर्णय लेने की अपील की। अब पूरे जनपद की निगाहें प्रशासन और विद्युत विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।


रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.