सरकार की मिशन शक्ति पहल के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली देहात पुलिस ने महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक

सुल्तानपुर :   महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक महोदया के निर्देश पर थाना कोतवाली देहात पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के दौरान उपनिरीक्षक अभिनव शंकर शुक्ला, रिजर्व कांस्टेबल सुनील राठौर एवं रिजर्व महिला कांस्टेबल बबली ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, अहिमाने एवं हनुमानगंज क्षेत्र में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सरकार एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और मिशन शक्ति के उद्देश्य के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर उन्हें चुप रहने या डरने की आवश्यकता नहीं है। वे तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी चलाया गया जागरूकता अभियान
एंटी रोमियो टीम ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं, पुरुषों एवं बालिकाओं से संवाद कर महिला सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। महिलाओं एवं बालिकाओं को छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा किसी अन्य समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।
साइबर अपराध से बचाव की भी दी जानकारी
पुलिस टीम ने लोगों को साइबर ठगी से बचने के उपाय भी बताए। टीम ने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम कार्ड, बैंक खाता, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।
महिला हेल्प डेस्क के बारे में भी बताया
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। पुलिस टीम ने थाना परिसर में स्थापित महिला हेल्प डेस्क के बारे में भी बताया और कहा कि महिलाएं अपनी समस्या को लेकर बेझिझक महिला हेल्प डेस्क पर संपर्क कर सकती हैं।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
1090 – विमेन पावर हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
102 – स्वास्थ्य सेवा
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
181 – महिला हेल्पलाइन
101 – अग्निशमन सेवा
कोतवाली देहात पुलिस ने आमजन से अपील की कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित किसी भी घटना की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से सरकार और पुलिस विभाग का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.