सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी पर दोस्तपुर के शिवालयों में उमड़ी आस्था
सुल्तानपुर - दोस्तपुर सावन के पावन महीने के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के विशेष पर्व पर नगर पंचायत दोस्तपुर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शिवाला धाम मंदिर, संस्कृत पाठशाला स्थित शिव मंदिर और छावनी शिव मंदिर में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सुबह करीब 4 बजे से ही भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो गया। कांवड़ यात्रियों के साथ क्षेत्र के महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भी पवित्र जल अर्पित किया। भक्तों ने बेलपत्र, पुष्प, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री चढ़ाकर भगवान शिव से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
नाग पंचमी पर भी दिखी विशेष आस्था
नाग पंचमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के साथ नाग देवता की पूजा-अर्चना भी की। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही बनी रही। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुबह से ही पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने शिव मंदिरों सहित आसपास के प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी रही। भीड़ और यातायात व्यवस्था पर भी लगातार नजर रखी गई, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशों के क्रम में सावन सोमवार और नाग पंचमी के पर्व को लेकर पुलिस टीम द्वारा विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंदिर परिसरों तथा आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था को देखा। सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन अवसर पर दोस्तपुर के शिवालय पूरी तरह शिवमय नजर आए। सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया और सभी के सुख, शांति एवं मंगल की कामना की।
संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.