सीएचसी अधीक्षक पर सरिया से जानलेवा हमला, सिर और पीठ में चोट

अखण्डनगर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर के अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र सिंह पर बुधवार, 19 अगस्त 2026 को ओपीडी में मरीजों को देखते समय लोहे की सरिया से कथित जानलेवा हमला किए जाने की घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। हमले में अधीक्षक के सिर पर काफी चोट आई, जबकि पीठ पर भी कई जगह चोटें बताई गई हैं। घटना के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
ओपीडी में मरीजों को देखते समय हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, करीब 10:30 बजे डॉ. सत्येंद्र सिंह सीएचसी अखण्डनगर की ओपीडी में मरीजों को देख रहे थे। इसी दौरान इलाज कराने आया युवक सचिन गौड़ पुत्र विनोद कुमार, निवासी प्राणनाथपुर बछड़िया, थाना अखण्डनगर, जनपद सुलतानपुर कथित रूप से ओपीडी में पहुंचा।
आरोप है कि युवक ने डॉक्टर के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की सरिया से उनके सिर पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर अधीक्षक को बचाया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चिकित्सक के कार्यालय में रखे सरकारी रजिस्टर आदि फाड़ दिए तथा सरकारी बीपी मशीन सहित अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
अधीक्षक ने सीएमओ सुलतानपुर को फोन कर दी जानकारी
घटना के तुरंत बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर के अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र सिंह ने सीएमओ सुलतानपुर को फोन कर पूरी घटना से अवगत कराया। उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ओपीडी में मरीजों को देखते समय उनके साथ मारपीट की गई और लोहे की सरिया से हमला किया गया, जिससे उनके सिर और पीठ में चोटें आई हैं।
इसके साथ ही अधीक्षक ने तत्काल थाना अखण्डनगर के थाना प्रभारी को भी फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर उप निरीक्षक एवं पुलिसकर्मी तत्काल सीएचसी अखण्डनगर पहुंचे।
सीएचसी से ही आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम के सीएचसी पहुंचते ही आरोपी सचिन गौड़ को सीएचसी परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी को अपने साथ थाने ले गई और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
घटना के समय डॉक्टर एवं स्टाफ रहे मौजूद
घटना के दौरान सीएचसी में डॉ. विष्णु स्वरूप, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. नेहा पटेल, डॉ. नंद लाल यादव (स्वा० शि० अ०) तथा डॉ. गोविंद डॉ सत्य प्रकाश सिंह  राजकुमार फार्मासिस्ट एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने घटना के बाद घायल अधीक्षक की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक सहयोग किया।
अधीक्षक का कराया गया मेडिकल
घटना के बाद घायल डॉ. सत्येंद्र सिंह का मेडिकल परीक्षण कराया गया। उनके सिर पर काफी चोट आने की जानकारी सामने आई है। साथ ही पीठ पर कई जगह चोटें बताई गई हैं।
अधीक्षक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्रीमती चारू निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री बृजनारायण सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी कादीपुर श्री विनय कुमार गौतम के निर्देशन में थाना अखण्डनगर पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई की।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सीएचसी पहुंची और आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
क्षेत्राधिकारी विनय कुमार गौतम ने दी बाइट
घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी कादीपुर श्री विनय कुमार गौतम ने मीडिया को बाइट दी। उन्होंने बताया कि सीएचसी अधीक्षक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को सीएचसी परिसर से ही गिरफ्तार किया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त सरिया का टुकड़ा भी बरामद किया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है और विवेचना जारी है।
आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया
पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी सचिन गौड़ को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सीएचसी अधीक्षक पर अस्पताल परिसर में हुए हमले के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों, मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाने की मांग की जा रही है।
सीएमओ और सरकार से सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग
स्थानीय लोगों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सीएमओ सुलतानपुर एवं उत्तर प्रदेश सरकार से सीएचसी अखण्डनगर में प्रशिक्षित सुरक्षा गार्डों की नियमित तैनाती की मांग की है।
मांग है कि ओपीडी, चिकित्सकों के कक्ष और अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू
घटना के बावजूद सीएचसी अखण्डनगर में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होने की जानकारी है। पुलिस द्वारा आरोपी को जेल भेज दिया गया है और मामले की विवेचना जारी है

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.