12 रबीउल अव्वल के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण जुलूस निकालने के निर्देश
बल्दीराय/सुल्तानपुर : 26 अगस्त को मनाए जाने वाले 12 रबीउल अव्वल त्योहार को लेकर वलीपुर पुलिस चौकी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी प्रभात सिंह ने की। इस दौरान त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपजिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों एवं क्षेत्रीय लोगों से आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की। चौकी इंचार्ज ज्ञानेश द्विवेदी को निर्देशित किया गया कि जुलूस, प्रदर्शन एवं मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए और किसी भी स्थिति में माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जुलूस में आपत्तिजनक अथवा विदेशी झंडे लहराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं डीजे बजाने के लिए शासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित डेसीबल सीमा में ही किया जा सकेगा।
बैठक में मौलाना सरफुद्दीन, महमूद बीडीसी, चांद बाबू, अन्सार, मौलाना अनीस, दीवान, अभिषेक सिंह, पंकज, मुकेश, मुलायम यादव सहित क्षेत्र के तमाम संभ्रांत नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी से त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।
रिपोर्टर : जगन्नाथ मिश्र
No Previous Comments found.