यूजीसी रोल बैक एवं आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर 27 अगस्त को सुल्तानपुर में पैदल मार्च

सुल्तानपुर : राष्ट्रीय सवर्ण परिषद् सुलतानपुर एवं विभिन्न सवर्ण संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 27 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे तिकोनिया पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जिलाधिकारी सुल्तानपुर को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे। कार्यक्रम की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्य दूबे ने दी। उन्होंने बताया कि पैदल मार्च के माध्यम से संगठन की ओर से यूजीसी से संबंधित निर्णय को रोल बैक करने, आरक्षण व्यवस्था में सुधार तथा विभिन्न सामाजिक एवं नीतिगत मुद्दों को लेकर अपनी मांगें प्रशासन के समक्ष रखी जाएंगी। संगठन की प्रमुख मांगों में यूजीसी से संबंधित निर्णय को रोल बैक करने की मांग शामिल है। संगठन का कहना है कि यूजीसी से जुड़े किसी भी निर्णय का सीधा प्रभाव विद्यार्थियों की शिक्षा और उनके भविष्य पर पड़ता है, इसलिए छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाना चाहिए और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही संगठन ने आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है। पदाधिकारियों का कहना है कि आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए इसे केवल जाति के आधार पर न रखकर आर्थिक स्थिति को भी आधार बनाने पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्गों के लोगों को समान अवसर मिल सके। राष्ट्रीय सवर्ण परिषद् एवं सहयोगी संगठनों द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित वर्तमान व्यवस्थाओं की भी समीक्षा करने की मांग रखी जाएगी। संगठन का कहना है कि समाज में समानता, सामाजिक न्याय और सभी वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर संवाद और नीतिगत समीक्षा की आवश्यकता है। संगठन के अनुसार यह पैदल मार्च शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा। 27 अगस्त को सुबह 10 बजे तिकोनिया पार्क में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी एकत्र होंगे, जहां से पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए अयोध्या मंडल प्रभारी सूबेदार मेजर गौरी शंकर शर्मा, जिलाध्यक्ष अमित उपाध्याय (फौजी) एवं जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्य दूबे ने संबंधित संगठनों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी लोग निर्धारित समय पर तिकोनिया पार्क पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से पैदल मार्च में शामिल हों और अपनी मांगों को लोकतांत्रिक माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखें

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.