रक्षाबंधन पर एसपी कार्यालय में दिखा भाई-बहन के स्नेह का भाव, फरियादियों की समस्याएं भी सुनीं
सुलतानपुर - रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारी शांतिकुंज की बहनों द्वारा पुलिस कार्यालय सुलतानपुर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल को राखी बांधी गई। बहनों ने राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने बहनों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिस कार्यालय में दिनभर लोगों की आवाजाही भी रही। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और शिकायतें उनके समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं,कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं मीडिया से जुड़े लोग भी पुलिस अधीक्षक से भेंट करने पहुंचे। मुलाकात के दौरान लोगों ने पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल का स्वागत करते हुए उन्हें गुलदस्ता भेंट किया और रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। पुलिस कार्यालय में रक्षाबंधन के अवसर पर जहां बहनों ने राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते की मिठास और विश्वास का संदेश दिया, वहीं फरियादियों की समस्याओं को सुनने तथा जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय का संदेश भी देखने को मिला।
संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.