त्योहारों को लेकर सुलतानपुर पुलिस अलर्ट, एसपी विनीत जायसवाल ने देर रात की समीक्षा

सुलतानपुर - आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सुलतानपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। त्योहारों के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्री विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में देर रात्रि पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
भारत में त्योहार सामाजिक एकता,भाईचारे,प्रेम और आपसी सौहार्द का संदेश देते हैं। अलग-अलग धर्मों और समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में सहभागिता कर आपसी विश्वास और सद्भाव को मजबूत करते हैं। ऐसे में त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और आमजन दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी होती है। इसी उद्देश्य से शासन एवं पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुलतानपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
समीक्षा गोष्ठी में आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद की कानून-व्यवस्था,सुरक्षा व्यवस्था,यातायात प्रबंधन,संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, जुलूस मार्गों,धार्मिक स्थलों,प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती सहित अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। जुलूस एवं शोभायात्राओं के दौरान निर्धारित मार्गों पर विशेष निगरानी रखने,यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा धार्मिक स्थलों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को आयोजकों,धर्मगुरुओं,जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया,ताकि किसी भी समस्या का समाधान समय रहते किया जा सके।

त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। अफवाह, भ्रामक सूचना, आपत्तिजनक पोस्ट अथवा किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को अफवाहों पर तत्काल नियंत्रण करने और आमजन को सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देशित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रमुख स्थानों, धार्मिक स्थलों, जुलूस मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार ड्रोन से भी निगरानी करने पर जोर दिया गया। साथ ही यातायात व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए, ताकि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। एसपी विनीत जायसवाल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ निभाई जाए। किसी भी छोटी सूचना को नजरअंदाज न किया जाए और किसी अप्रिय स्थिति की संभावना होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं,अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना को साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सुलतानपुर पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि आगामी सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए। शासन की गाइडलाइन और पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखते हुए पुलिस बल लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेगा

संवाददाता — दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.