रक्षाबंधन पर अखण्डनगर थाना प्रभारी की अनूठी पहल
अखण्डनगर - सुल्तानपुर रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अखण्डनगर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने हमराही पुलिसकर्मियों के साथ थाना क्षेत्र की वनवासी बस्तियों में पहुंचकर भाई-बहन के स्नेह, अपनत्व और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की। थाना प्रभारी पतारखास, ताजुद्दीनपुर (राहुलनगर) समेत विभिन्न गांवों की वनवासी बस्तियों में पहुंचे, जहां महिलाओं और बालिकाओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस अवसर पर थाना प्रभारी ने बहनों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और मिठाई वितरित कर उनके साथ खुशियां साझा कीं। पुलिस टीम को अपने बीच पाकर बस्ती की महिलाओं, बालिकाओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व ही नहीं, बल्कि समाज में आपसी विश्वास, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने का भी संदेश देता है। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संबंध स्थापित करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। वनवासी बस्तियों में पुलिस टीम की इस आत्मीय पहल की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि त्योहार के मौके पर पुलिस अधिकारियों का उनके बीच पहुंचना उनके लिए बेहद खुशी और सम्मान की बात है। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
संवाददाता — दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.