मिशन शक्ति 5.0: छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

सुलतानपुर - मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्री विनीत जायसवाल ने केश कुमारी इंटर कॉलेज सुलतानपुर पहुंचकर छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। विद्यालय पहुंचने पर बच्चियों ने तिलक लगाकर पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “मिशन शक्ति महिलाओं के सम्मान,सुरक्षा और स्वावलंबन का प्रतीक है। समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना विकास अधूरा है, इसलिए प्रत्येक बालिका का आत्मविश्वासी और शिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है।”

उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस विभाग द्वारा स्कूल-कॉलेजों,पंचायत भवनों,महिला समूहों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों,सुरक्षा उपायों,हेल्पलाइन सेवाओं और डिजिटल सुरक्षा के संबंध में लगातार जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090,डायल 112,चाइल्ड हेल्पलाइन 1098,एंबुलेंस सेवा 108,सीएम हेल्पलाइन 181 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन का तत्काल उपयोग करें। साइबर अपराध से बचाव को लेकर किया जागरूक एसपी ने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में ऑनलाइन धोखाधड़ी,फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट,अशोभनीय संदेश और फोटो के दुरुपयोग जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। छात्राएं किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी,फोटो अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पुलिस अधीक्षक से महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे,जिनका उन्होंने धैर्यपूर्वक जवाब दिया। पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि “मिशन शक्ति का सबसे सशक्त पहलू खुद पर विश्वास है। जब प्रत्येक बालिका आत्मविश्वासी होगी,तभी समाज वास्तव में सुरक्षित और सशक्त बन सकेगा।” कार्यक्रम के अंत में छात्राओं के बीच मिशन शक्ति जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। इनमें महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर,आत्मरक्षा के सुझाव और पुलिस से संपर्क करने के सरल माध्यमों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या,साइबर थाना प्रभारी,मिशन शक्ति टीम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.