रेयर केस में सफल ऑपरेशन, जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित
सुल्तानपुर - जिला महिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने एक गंभीर और दुर्लभ प्रसव के मामले में सफल ऑपरेशन कर जच्चा और बच्चा दोनों की जान बचा ली। ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों को बच्चेदानी में मांस का टुकड़ा फंसा मिला, जिसके कारण प्रसव के बाद महिला को अधिक रक्तस्राव का खतरा बन गया था। चिकित्सकों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए महिला की जान बचाई।
महिला अस्पताल में तैनात डॉ.नमिता वर्मा और डॉ.श्वेता सिंह ने बताया कि लंभुआ क्षेत्र की एक महिला प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थी। जांच के दौरान पता चला कि गर्भ में मौजूद बच्चे ने पेट में ही मेकोनियम (पहली पॉटी) कर दिया था। इससे बच्चे और मां की हालत बिगड़ने की आशंका थी। स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
ऑपरेशन सफल रहा और बच्चा स्वस्थ पैदा हुआ। हालांकि, प्रसव के बाद जब प्लेसेंटा (खेड़ी) बाहर नहीं निकली तो चिकित्सकों ने जांच की। बच्चेदानी के अंदर हाथ डालकर देखने पर वहां मांस का एक टुकड़ा फंसा हुआ मिला। इसके चलते महिला को अत्यधिक रक्तस्राव का खतरा पैदा हो गया था। चिकित्सकों की टीम ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और महिला को सुरक्षित रखा। डॉक्टरों के मुताबिक, मांस के टुकड़े को जांच के लिए हिस्टोपैथोलॉजी भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद इसकी प्रकृति स्पष्ट होगी। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। हालत सामान्य होने पर महिला को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
डॉ श्वेता ने बताया कि यह दुर्लभ (रेयर) केस था और इस तरह के मामले बहुत कम देखने को मिलते हैं। मेरे 12 वर्षों के पूरे करियर में यह पहला केस था। परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ का आभार जताया।
संवाददाता - वाजिद हुसैन
No Previous Comments found.