एसपी विनीत जायसवाल की संवेदनशील पहल से बदहाल व्यक्ति को मिला सहारा
सुल्तानपुर - पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवीय सोच का परिचय देते हुए लंबे समय से बदहाल हालत में रह रहे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की मदद के लिए तत्काल कदम उठाया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यक्ति की दयनीय हालत की तस्वीर डाली गई थी। तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल से अपील की गई— आपने बहुत कार्य किया है, यह भी एक कार्य कर दीजिए।” अपील पर एसपी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर व्यक्ति की मदद करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यक्ति को किसी भी स्थिति में असहाय न छोड़ा जाए और उसकी सुरक्षा के साथ-साथ चिकित्सा सुविधा भी सुनिश्चित कराई जाए। एसपी के निर्देश पर नगर कोतवाल सुरेश नारायण मिश्रा के नेतृत्व में सीताकुंड चौकी प्रभारी सुनील सिंह और दरोगा अतिबल सिंह पुलिस टीम के साथ देर रात मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर लाकर नहलाया-धुलाया, बाल-दाढ़ी बनवाई, नए कपड़े पहनाए तथा भोजन और पानी की व्यवस्था की। इसके बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच और पैर का उपचार कराया जाएगा।
बताया गया कि व्यक्ति लंबे समय से फायर ब्रिगेड के पीछे बेहद दयनीय हालत में रह रहा था। उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति खराब होने के साथ पैरों में भी परेशानी थी। सिरवारा रोड निवासी पप्पू ने बताया कि उक्त व्यक्ति पहले नगरपालिका में काम करता था। वहीं स्थानीय नागरिक सुनील तिवारी ने बताया कि वह पिछले करीब दो से ढाई वर्षों से वहां से गुजरते समय कभी पानी तो कभी भोजन उपलब्ध कराते थे।
एसपी की पहल ने दिया बड़ा संदेश इस मामले में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की पहल को स्थानीय लोग सराहनीय बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि एसपी ने यह संदेश दिया है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि असहाय, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों की मदद करना भी पुलिस की मानवीय जिम्मेदारी है। वहीं यह सवाल भी उठता है कि व्यक्ति लंबे समय से इस हालत में रह रहा था, तो पहले किसी जिम्मेदार अधिकारी की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी। सोशल मीडिया पर तस्वीर सामने आने के बाद एसपी द्वारा तत्काल संज्ञान लिए जाने से अब उसे उपचार और सम्मान के साथ जीवन जीने की उम्मीद मिली है। स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, नगर कोतवाल सुरेश नारायण मिश्रा, सीताकुंड चौकी प्रभारी सुनील सिंह, दरोगा अतिबल सिंह और पूरी पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की। लोगों ने कहा कि एसपी की यह पहल सुल्तानपुर पुलिस के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए इंसानियत और संवेदनशीलता की एक अच्छी मिसाल है।
संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.