सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट: 10 बेड आरक्षित, डॉक्टरों की टीम तैनात
सुल्तानपुर : स्वाइन फ्लू के संभावित खतरे से निपटने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर पूरी तरह सतर्क हो गया है। मरीजों को त्वरित और बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए अस्पताल प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
18 बेड का आइसोलेशन वार्ड और डॉक्टरों की विशेष टीम
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रियंक वर्मा ने बताया कि स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए पुरानी बिल्डिंग के आईसीयू (ICU) वार्ड में फिलहाल 10 बेड सुरक्षित (आरक्षित) कर दिए गए हैं। इसके अलावा, मरीजों की बढ़ती संख्या की संभावना को देखते हुए 8 और बेड बढ़ाने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। अस्पताल में जरूरी दवाएं, ऑक्सीजन और जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, तथा डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ की टीम को चौबीसों घंटे अलर्ट पर रखा गया है।
कोरोना जैसी सावधानियां बरतने की सलाह
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. अविनाश चंद्र गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि बीमारी से बचाव के लिए वही सावधानियां बरतें जो कोरोना महामारी के दौरान अपनाई गई थीं:
लक्षण पहचानें: यदि किसी को तेज बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी या सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हो, तो इसे सामान्य मानकर अनदेखा न करें।
मास्क और स्वच्छता: भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनकर जाएं, बार-बार हाथ धोएं और लोगों से हाथ मिलाने से बचें।
दूरी बनाएं: लक्षण महसूस होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों में जाने से बचें ताकि संक्रमण दूसरों तक न फैले।
सीएमएस ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, "घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। लक्षण दिखने पर तुरंत निकटतम सरकारी अस्पताल में डॉक्टर से परामर्श लें और आवश्यकता अनुसार जांच व इलाज कराएं।"
रिपोर्टर : वाजिद हुसैन
No Previous Comments found.