सुल्तानपुर में आबकारी विभाग की बड़ी छापेमारी, 32 लीटर कच्ची शराब बरामद
सुल्तानपुर - जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की। नगर कोतवाली और हलियापुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हुई कार्रवाई के दौरान 32 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि करीब 510 लीटर लहन मौके पर बरामद हुआ, जिसे आबकारी टीम ने नष्ट करा दिया।
अभियान के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने संदिग्ध स्थानों के साथ-साथ कबाड़ियों की दुकानों और ईंट-भट्ठों पर भी चेकिंग की। टीम ने अवैध शराब के निर्माण अथवा भंडारण की संभावनाओं को देखते हुए कई स्थानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब से जुड़े मामलों में तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा रहा। वहीं,आबकारी विभाग की टीम ने ग्रामीणों को अवैध और कच्ची शराब के सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य हानियों के प्रति जागरूक किया। लोगों से अवैध शराब का सेवन न करने और इसकी बिक्री अथवा निर्माण की सूचना तत्काल विभाग अथवा पुलिस को देने की अपील की गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा संदिग्ध स्थानों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.