गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर दोस्तपुर पहुंचे एसपी विनीत जायसवाल

सुलतानपुर। गणेश पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। आज दोस्तपुर कस्बे में कई गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होना है। विसर्जन से पहले पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल अचानक दोस्तपुर कस्बे पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने कस्बे में स्थापित गणेश पूजा पंडालों के साथ-साथ प्रतिमा विसर्जन को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने विसर्जन मार्ग, जुलूस की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अचानक एसपी के पहुंचने से स्थानीय पुलिस टीम भी पूरी तरह सक्रिय नजर आई।

इस दौरान थाना प्रभारी दोस्तपुर नारद मुनि सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। एसपी ने थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि विसर्जन कार्यक्रम के दौरान लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहें और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखें

प्रशासन की गाइडलाइन के अनुसार होगा विसर्जन

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार कराया जाए। विसर्जन जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ को नियंत्रित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। डीजे और जुलूस को लेकर भी प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए पूजा समितियों को निर्देशित किया गया है। पुलिस टीम को किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

चौक के राजा गणेश पूजा समिति ने की तैयारी

वहीं चौक घंटाघर स्थित चौक के राजा गणेश पूजा समिति की ओर से भी प्रतिमा विसर्जन को लेकर जोरदार तैयारियां की गई हैं। समिति से जुड़े मोनू गौड़, आशुतोष जायसवाल, सोनू मोदनवाल, अंकित कसौधन, हिमांशु गुप्ता, अभय मोदनवाल, अमन गुप्ता और अभय सोनी सहित अन्य सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं के साथ डीजे की व्यवस्था भी की गई है। गणपति बप्पा की विदाई को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है, वहीं पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। पुलिस प्रशासन ने सभी पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराएं और प्रशासन की सभी गाइडलाइन का पालन करें। दोस्तपुर पुलिस द्वारा पूरे कस्बे में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।

संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.