सीआरपीएफ जवान की आबादी की जमीन की पैमाइश पर सवाल

दोस्तपुर, सुलतानपुर। थाना दोस्तपुर क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर बस्तीपुर निवासी सीआरपीएफ जवान दिनेश कुमार पुत्र फिरतू राम यादव ने अपनी आबादी की जमीन को लेकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। दिनेश कुमार का आरोप है कि उनकी आबादी की जमीन की पैमाइश गलत तरीके से कर उसे खेतौनी की भूमि बताया जा रहा है, जबकि उनके अनुसार वर्ष 2005 से उक्त भूमि पर उनका कब्जा है और मौके पर शौचालय तथा छप्पर भी बना हुआ है।

दिनेश कुमार के मुताबिक उन्होंने वर्ष 2005 में आबादी की जमीन पर शौचालय का निर्माण कराया था। इसी स्थान पर छप्पर बना हुआ है, जिसमें उनके पशु रहते हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से वह इस भूमि का उपयोग करते चले आ रहे हैं और अब पैमाइश के बाद जमीन की स्थिति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

दूसरे गांव के लेखपाल से पैमाइश कराने का आरोप

दिनेश कुमार का आरोप है कि कानूनगो द्वारा दूसरे गांव के लेखपाल को बुलाकर मौके पर कच्ची पैमाइश कराई गई। इसके बाद उनकी आबादी की जमीन को खेतौनी की जमीन बताया जा रहा है। दिनेश कुमार ने इस कार्रवाई पर आपत्ति दर्ज कराते हुए अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए राजस्व अभिलेखों और मौके की स्थिति का विधिवत मिलान कराया जाए। उनका आग्रह है कि पैमाइश पारदर्शी तरीके से कराई जाए, ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो।

देश की सेवा के साथ परिवार की जिम्मेदारी

दिनेश कुमार ने बताया कि वह सीआरपीएफ की 66वीं वाहिनी में मणिपुर में तैनात हैं। वह वर्तमान में 22 सितंबर 2026 तक अवकाश पर घर आए हैं। उनका कहना है कि देश की सेवा के लिए ड्यूटी पर रहने के बावजूद जमीन का विवाद लगातार चिंता का कारण बना हुआ है। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता बीमार चल रहे हैं और उनके एक बच्चे का इलाज भी चल रहा है। ऐसी स्थिति में परिवार की जिम्मेदारी और जमीन के विवाद के बीच उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि ड्यूटी के दौरान भी जमीन के मामले को लेकर उन्हें बार-बार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

न्याय के लिए गली-गली भटकने का दर्द

सीआरपीएफ जवान का कहना है कि वह देश की सेवा में तैनात हैं और चाहते हैं कि उनकी अनुपस्थिति में उनके परिवार को जमीन संबंधी विवाद के कारण परेशानी न उठानी पड़े। उनका आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए उन्हें लगातार अधिकारियों के पास जाना पड़ रहा है और न्याय की उम्मीद में गली-गली भटकना पड़ रहा है।

उपजिलाधिकारी और जिलाधिकारी से तत्काल संज्ञान की मांग

दिनेश कुमार ने उपजिलाधिकारी कादीपुर और जिलाधिकारी सुलतानपुर से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि भूमि की दोबारा निष्पक्ष और विधिवत पैमाइश कराई जाए तथा राजस्व अभिलेखों के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। उन्होंने यह भी मांग की है कि पैमाइश करने वाले संबंधित राजस्व कर्मी की भूमिका की जांच कराई जाए। यदि जांच में लापरवाही, गलत पैमाइश अथवा नियमों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री से भी कार्रवाई की अपील

सीआरपीएफ जवान दिनेश कुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि जांच में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और भूमि विवाद का निष्पक्ष समाधान कराया जाए।

दिनेश कुमार का कहना है कि वह किसी विवाद को बढ़ाना नहीं चाहते, बल्कि अपनी आबादी की जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराकर न्याय चाहते हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि वह अपनी ड्यूटी पर रहते हुए निश्चिंत होकर देश की सेवा कर सकें और उनके परिवार को भी जमीन के विवाद को लेकर परेशानी का सामना न करना पड़े।

संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.