जिला पंचायत अध्यक्ष की फॉर्च्यूनर पलटी
सुल्तानपुर - कन्नौज आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार दोपहर तेज बारिश के दौरान सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह की फॉर्च्यूनर कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। तालग्राम क्षेत्र में किलोमीटर 171 के पास तेज बारिश और रफ्तार के बीच कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार करीब 20 मीटर तक फेंसिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह समेत पांच लोग घायल हो गए और सभी कार के अंदर फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कांस्टेबल अमित तेवतिया और उनकी पत्नी महिला कांस्टेबल अर्चना सिंह की नजर दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर पर पड़ी। दोनों ने तत्काल अपना वाहन रोककर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। कार के दरवाजे नहीं खुल रहे थे और अंदर फंसे लोग बाहर निकलने के लिए परेशान थे। स्थिति को देखते हुए कांस्टेबल अमित तेवतिया ने अपनी सर्विस राइफल से कार के शीशे तोड़े और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का रास्ता बनाया। उनकी पत्नी अर्चना सिंह ने आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों से भी मदद मांगी। दोनों ने मिलकर एक-एक कर कार में फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकाला।
लखनऊ से नोएडा जा रही थीं जिला पंचायत अध्यक्ष
बताया गया कि सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह फॉर्च्यूनर कार से लखनऊ से नोएडा जा रही थीं। कार सुल्तानपुर के धनपतगंज निवासी विकास यादव चला रहे थे। वाहन में जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह के अलावा लखीमपुर के आयुष वर्मा, गनर हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार और नोएडा की गीतांजलि सिंह भी सवार थीं। फॉर्च्यूनर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर तालग्राम क्षेत्र में किलोमीटर 171 के पास पहुंची थी। इसी दौरान तेज बारिश के बीच कार की रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर करीब 20 मीटर तक फेंसिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। सिपाही पति-पत्नी ने दिखाई तत्परता हादसे के समय आशा ज्योति केंद्र, कन्नौज में तैनात महिला कांस्टेबल अर्चना सिंह अपने सिपाही पति अमित तेवतिया के साथ सौरिख से कन्नौज की ओर जा रही थीं। एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर दिखाई देने पर दोनों तुरंत मौके पर पहुंचे।
कार के दरवाजे जाम होने के कारण अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल था। ऐसे में अमित तेवतिया ने अपनी सर्विस राइफल से शीशे तोड़े। इसके बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। अर्चना सिंह ने भी बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई और आसपास से गुजर रहे लोगों तथा वाहन चालकों से सहायता मांगी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम बचाव कार्य के बाद दोनों पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस, थाना पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह और सेफ्टी वाहन की टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
घायल उषा सिंह, आयुष वर्मा और अरविंद कुमार को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया। अन्य घायलों को भी मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज बारिश के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और पलट गया। हादसे के बीच सिपाही अमित तेवतिया और महिला कांस्टेबल अर्चना सिंह की तत्परता से कार में फंसे पांचों लोगों को समय रहते बाहर निकाला जा सका। दोनों पुलिसकर्मियों ने बारिश और दुर्घटना की स्थिति के बीच मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.