दोस्तपुर में रामलीला की तैयारियां तेज, 11 अक्टूबर को निकलेगा भव्य रामरथ

दोस्तपुर - नगर में श्री रामलीला कमेटी दोस्तपुर की ओर से आयोजित होने वाली रामलीला को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 11 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर रामलीला समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर के सम्मानित व्यापारी और क्षेत्रवासी पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। नगर में जगह-जगह रामलीला को लेकर चर्चा और उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है। रामलीला स्थल पर इन दिनों रावण और कुंभकरण के पुतलों के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। कारीगर ईंटों से पुतलों के ढांचे तैयार कर रहे हैं और उन्हें आकर्षक रूप देने में जुटे हैं। निर्माण कार्य को देखने के लिए क्षेत्रवासियों में भी उत्सुकता बनी हुई है। इसी क्रम में नगर उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी तथा भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय सोनी मौके पर पहुंचे और रावण-कुंभकरण के पुतलों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया तथा आयोजन को लेकर चल रहे कार्यों की जानकारी ली।

रामरथ के साथ होगी रामलीला की शुरुआत

श्री रामलीला कमेटी के अनुसार 11 अक्टूबर को भगवान श्रीराम के रामरथ का पूरे नगर में भ्रमण कराया जाएगा। रामरथ यात्रा के दौरान नगरवासी और श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। रामरथ के नगर भ्रमण को लेकर समिति की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। रामरथ यात्रा के बाद रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का मंचन शुरू होगा। भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित रामलीला के माध्यम से श्रद्धालुओं को सत्य, धर्म, मर्यादा, त्याग और सदाचार का संदेश दिया जाएगा।

पूजा-अर्चना के साथ होगा शुभारंभ

रामलीला के शुभारंभ से पहले विधि-विधान से भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की जाएगी। समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर के सम्मानित व्यापारी और क्षेत्रवासी पूजा में शामिल होकर रामलीला के सफल एवं मंगलमय आयोजन की प्रार्थना करेंगे।

भगवान श्रीराम के आदर्शों को समर्पित संदेश में कहा गया—
“मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए, सत्य, धर्म और प्रेम सिखाए।
दीनों के हितकारी हैं राम, भक्तों के जीवन के आधार हैं राम।
हर युग में उनके नाम की ज्योति, जग में रहती है उजियारी।
जय श्री राम, जय श्री राम, यही है जीवन की सच्ची तैयारी।”

क्षेत्रवासियों और व्यापारियों से सहयोग की अपील रामलीला कमेटी की ओर से दोस्तपुर नगर के सभी क्षेत्रवासियों, सम्मानित व्यापारियों, दुकानदारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं से आयोजन में सहयोग करने की अपील की गई है। समिति ने कहा कि रामलीला नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी के सहयोग और सहभागिता से आयोजन को सफल बनाया जाएगा। नगर के व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में भी रामलीला को लेकर उत्साह है। रामरथ यात्रा के दौरान नगर में धार्मिक वातावरण बनेगा और विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन करेंगे।

रामलीला कार्यक्रम

11 अक्टूबर – श्री राम रथ पूरे नगर में भ्रमण
12 अक्टूबर – नारद मोह का कार्यक्रम
13 अक्टूबर – श्रवण कुमार एवं राम जन्म
14 अक्टूबर – राम जन्म एवं फुलवारी
15 अक्टूबर – धनुष यज्ञ
16 अक्टूबर – राम वनगमन
17 अक्टूबर – सीता हरण
18 अक्टूबर – लंका दहन
19 अक्टूबर – लक्ष्मण शक्ति
20 अक्टूबर – विजयदशमी
21 अक्टूबर – राम-भरत मिलाप
22 अक्टूबर – राम राजगद्दी
रामलीला कमेटी के पदाधिकारी
(श्री मिथिलेश कुमार उर्फ मुन्ना नगर पंचायत पूर्व नगर अध्यक्ष)
संरक्षक –  राम रतन सोनी
उपाध्यक्ष – देव प्रकाश अग्रहरि
कोषाध्यक्ष – रमाशंकर पाठक
कार्यक्रम सहयोगी – संदीप अग्रहरि
स्टेट डायरेक्टर – अशोक राय
रथ अध्यक्ष – शिवा पांडे
रामलीला सचिव – अरविंद तिवारी
प्रबंधक – अमुतलाल अग्रहरि

रामलीला समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटे हैं। रावण-कुंभकरण के पुतलों के निर्माण से लेकर रामरथ यात्रा और मंचन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति की ओर से क्षेत्रवासियों और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे परिवार सहित रामलीला स्थल पर पहुंचें,भगवान श्रीराम की पावन लीलाओं का दर्शन करें और इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनकर पुण्य लाभ प्राप्त करें। श्री रामलीला कमेटी दोस्तपुर की ओर से समस्त क्षेत्रवासियों, सम्मानित व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।

संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.