शाहगंज चौराहे पर अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, निर्माणाधीन स्थल को किया सील

सुल्तानपुर :  शहर के शाहगंज चौराहे स्थित बाल मुकुंद रोड पर कथित अवैध निर्माण के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर ने राजस्व विभाग और पुलिस की टीम को मौके पर भेजकर संबंधित निर्माण स्थल को सील करा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, उक्त जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर इंद्र प्रकाश पाण्डेय ने मंगलवार को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि संबंधित जमीन को लेकर अभिषेक बरनवाल आदि बनाम राज्य का मुकदमा आयुक्त न्यायालय में विचाराधीन है। शिकायत में यह भी कहा गया कि इस मामले में उपजिलाधिकारी एवं जिलाधिकारी स्तर से विपक्षी पक्ष के दावों को खारिज करते हुए 19 अप्रैल 2025 को अवैध निर्माण ध्वस्त करने का आदेश पारित किया गया था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उक्त आदेश के खिलाफ आयुक्त न्यायालय में वाद दायर किया गया है। आरोप है कि इसके बावजूद अभिषेक बरनवाल एवं उनके अन्य सहयोगियों द्वारा चोरी-छिपे निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी मामले को लेकर जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई और तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई।

शिकायत पर डीएम ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने उपजिलाधिकारी सदर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में कानूनगो आईपी सिंह और नगर कोतवाल सुरेश नारायण मिश्र को मौके पर भेजा गया। राजस्व एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित निर्माण स्थल को सील करने की कार्रवाई की।
कानूनगो आईपी सिंह ने सीलिंग की कार्रवाई किए जाने की पुष्टि की है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब संबंधित भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर आगे की स्थिति पर निगाहें टिकी हुई हैं।

न्यायालयीन आदेश और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी निगाहें
शाहगंज चौराहे के बाल मुकुंद रोड स्थित जमीन का मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई के चलते चर्चा में आ गया है। एक ओर शिकायतकर्ता ने पूर्व में पारित आदेश का हवाला देते हुए कथित अवैध निर्माण की शिकायत की, वहीं दूसरी ओर मामले से जुड़े न्यायालयीन वाद की स्थिति भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में प्रकरण में आगे की कार्रवाई और संबंधित न्यायालय के आदेशों का अनुपालन अहम माना जा रहा है।फिलहाल जिलाधिकारी के निर्देश पर निर्माण स्थल को सील किए जाने की कार्रवाई की गई है। मामले में संबंधित पक्षों का पक्ष और न्यायालय में वाद की वर्तमान स्थिति सामने आने के बाद ही पूरे प्रकरण की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी

रिपोर्टर : दिनेश सिंह राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.