रोजगार और हाई-स्पीड इंटरनेट को मिलेगा बढ़ावा, लम्भुआ में 16 लोगों ने लिया कनेक्शन
सुल्तानपुर - लम्भुआ तहसील क्षेत्र के लम्भुआ कस्बे में दियरा रोड पर उत्तर प्रदेश के पहले गंगा फाइबर ब्रॉडबैंड का भव्य शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और गंगा फाइबर ब्रॉडबैंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित जिले के कई आला अधिकारी मौजूद रहे। सीईओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के पहले गंगा फाइबर ब्रॉडबैंड की शुरुआत लम्भुआ से की गई है। इस योजना से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं सीएससी केंद्र संचालकों, लाइब्रेरी संचालकों, छात्रों और व्यापारियों को हाई-स्पीड इंटरनेट की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि यह महत्वाकांक्षी योजना उत्तर प्रदेश सरकार, वन ब्रॉडबैंड और हिंदुजा ग्रुप के संयुक्त टाईअप से संचालित की जा रही है।
वहीं गंगा फाइबर ब्रॉडबैंड लम्भुआ के संचालक (डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर) अमीश कुमार ने बताया कि अभी तक लम्भुआ क्षेत्र में 16 हाई-स्पीड फाइबर कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं। क्षेत्र के लोग लगातार कनेक्शन के लिए संपर्क कर रहे हैं। आने वाले दिनों में पूरे तहसील क्षेत्र में नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा, जिससे डिजिटल इंडिया मिशन को और गति मिलेगी।
संवाददाता - वाजिद हुसैन

No Previous Comments found.