दोस्तपुर में गन्ने के खेत के किनारे मिला अधेड़ का शव, सिर पर चोट के निशान

सुल्तानपुर - दोस्तपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन के पास पसिया पारा में चकमार्ग किनारे गन्ने के खेत में एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान कोहरा गांव निवासी बखेडू गौड़ (55) पुत्र स्वर्गीय राम आधार के रूप में हुई है। वह गांव-गांव घूमकर आयुर्वेदिक दवाएं बेचने का काम करते थे। उनके सिर पर चोट के निशान मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

चार दिन से लापता थे बखेडू गौड़

परिजनों के मुताबिक, बखेडू गौड़ चार दिन पहले घर से खाना खाने के बाद साइकिल लेकर निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार सुबह पसिया पारा में दानपति यादव के गन्ने के खेत के किनारे उनका शव मिलने की सूचना मिली। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

शव के पास नहीं मिली साइकिल, एक पैर में चप्पल भी गायब

घटनास्थल पर मृतक की साइकिल नहीं मिली और उनके एक पैर में चप्पल भी नहीं थी। इन परिस्थितियों के चलते परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की बेटी अंशिका ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम

शव मिलने की सूचना पर सीओ कादीपुर विनय गौतम, दोस्तपुर थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह तथा अखंडनगर थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से कुछ गिलास और अंग्रेजी शराब की बोतल भी मिली है। घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर शराब की दुकान होने की बात भी सामने आई है।

आठ बेटियों और एक बेटे के पिता थे बखेडू

बखेडू गौड़ अपने पीछे आठ बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। छह बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियां अविवाहित हैं। उनका 22 वर्षीय बेटा सुमित मुंबई में मजदूरी करता है। घटना के बाद पत्नी सावित्री देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीओ विनय गौतम ने क्या कहा?

सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में नशे की हालत में दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी निगाहें गन्ने के खेत के किनारे शव मिलना, सिर पर चोट के निशान, साइकिल का गायब होना और परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताया जाना मामले को गंभीर बना रहा है। फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि बखेडू गौड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.