वलीपुर और गनापुर समेत संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण
सुलतानपुर - दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। शनिवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार और अयोध्या परिक्षेत्र के डीआईजी सोमेन वर्मा ने बल्दीराय थाना क्षेत्र में विसर्जन मार्गों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। वलीपुर और गनापुर में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेकर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की मौजूदगी में अधिकारियों ने विसर्जन मार्गों पर पड़ने वाली मस्जिदों और अन्य संवेदनशील स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद बैठक कर सुरक्षा,यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।मंडलायुक्त और डीआईजी ने विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से निगरानी के निर्देश दिए। अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा। अधिकारियों ने विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर भी जोर दिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने धर्मगुरुओं और दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों से संवाद किया। सभी से आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के माहौल में त्योहार संपन्न कराने में सहयोग की अपील की गई।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह, एसडीएम प्रभात सिंह, क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार, थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह, केंद्रीय दुर्गापूजा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष महेश जायसवाल, मुकेश अग्रहरि, भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाल जायसवाल, जितेंद्र मिश्रा और व्यापार मंडल वलीपुर बाजार के अध्यक्ष ऋषभ जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर - जगन्नाथ मिश्र

No Previous Comments found.